छेड़छाड़ का विरोध पड़ा भारी: महिला के परिवार का 15 किमी तक पीछा, बीच सड़क पर हमला

नासिक15जुलाई 2026महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक महिला द्वारा कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके पूरे परिवार को हिंसा का शिकार होना पड़ा। जानकारी के अनुसार, भावली डैम क्षेत्र में घूमने गए आठ सदस्यीय परिवार की एक महिला से कुछ युवकों ने अभद्र टिप्पणियां कीं। महिला ने इसका विरोध किया और परिवार के अन्य सदस्य भी उसके समर्थन में सामने आए।

आरोप है कि इसके बाद 8 से 10 लोगों के एक समूह ने परिवार की कार का करीब 15 किलोमीटर तक पीछा किया। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर आरोपियों ने वाहन को रोककर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में वाहन के शीशे तोड़ दिए गए और परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने सोने की चेन और मोबाइल फोन भी छीन लिया।

घटना का वीडियो वाहन में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हत्या के प्रयास, लूट और महिला की गरिमा भंग करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर नौ आरोपियों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक व्यक्ति पर पहले से हत्या का मामला भी दर्ज है।

यह घटना पर्यटन स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *