कांकेर 17अगस्त 2026/कांकेर वन परिक्षेत्र के ग्राम कोकपुर में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपने दो शावकों के गहरे गड्ढे में गिर जाने से मादा भालू आक्रामक हो गई और ग्रामीणों को दौड़ाने लगी। बताया गया कि रात में विचरण के दौरान भालू के दोनों शावक सड़क किनारे स्थित करीब सात फीट गहरे पुराने सेप्टिक टैंक में गिर गए थे। मादा भालू ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर वह आसपास घूमती रही और खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों को दौड़ाने लगी। ग्रामीणों ने तत्काल पंचायत और वन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे बीट ऑफिसर चंद्रशेखर तेता और वन्यप्राणी विशेषज्ञ चेतन पवार ने ड्रोन से स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने गड्ढे में सीढ़ी उतारी, जिसके सहारे दोनों शावकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के दौरान टीम ने पूरी सावधानी बरती, ताकि मादा भालू और उसके शावकों को कोई नुकसान न पहुंचे। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल व पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह-शाम अकेले न जाएं तथा वन्यजीव या उसके बच्चों के दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
शावक गड्ढे में गिरे तो भड़की मादा भालू, ग्रामीणों को दौड़ायावन विभाग और ग्रामीणों की सूझबूझ से दोनों शावकों का सुरक्षित रेस्क्यू