17अगस्त 2026/
कोरबा/नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में खाद-बीज कारोबारी के घर हुई करीब 1.25 करोड़ रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को बिहार पुलिस ने छत्तीसगढ़ के कोरबा से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी वारदात के बाद करीब 1500 किलोमीटर दूर कोरबा पहुंचकर छिपे हुए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू कुमार महतो (26) और धीरज कुमार महतो (25) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों कोरबा के निहारिका क्षेत्र में रहने वाले धीरज के जीजा के घर पहुंचे थे। आरोपियों की लोकेशन मिलने के बाद बिहार पुलिस की टीम कोरबा पहुंची और सुभाष चौक के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
हथियारबंद बदमाशों ने आधी रात को बोला था धावा
मामला नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के देवीसराय का है। 3 अगस्त की रात करीब 12:58 बजे करीब 12 हथियारबंद बदमाश खाद एवं बीज कारोबारी राजीव रंजन के घर में घुस गए थे।
डकैतों ने पहले कारोबारी के माता-पिता को हथियार के बल पर बंधक बनाया और बाद में परिवार के अन्य सदस्यों को भी अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद घर की गोदरेज आलमारी खंगालकर बड़ी मात्रा में नकदी और जेवर लेकर फरार हो गए।
45 लाख कैश और लाखों के जेवर ले गए थे बदमाश
पुलिस के अनुसार, डकैत घर से 45 लाख रुपये नकद, करीब 450 ग्राम सोने के जेवर और लगभग 3 किलो चांदी ले गए थे। सोने के जेवर की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा कारोबारी की फर्म कृति सीड फार्म और उनके पिता की फर्म कृषि कल्याण केंद्र से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी बदमाश ले गए थे।
CCTV फुटेज से मिली अहम कड़ी
पूरी वारदात घर और आसपास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई थी। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नालंदा पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी जांच के दौरान पुलिस को धीरज कुमार महतो के कोरबा पहुंचने की जानकारी मिली।
बताया जा रहा है कि धीरज अपने साथी सोनू के साथ निहारिका स्थित अपने जीजा के घर पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, उसके जीजा को दोनों के डकैती में शामिल होने और वारदात के बाद कोरबा आने की जानकारी नहीं थी।
सुभाष चौक पर पुलिस ने घेरा, दोनों गिरफ्तार
लोकेशन की पुष्टि होने के बाद बिहार पुलिस की टीम कोरबा पहुंची। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने सुभाष चौक के पास दोनों आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद बिहार पुलिस दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए नालंदा ले गई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि डकैती में दोनों की क्या भूमिका थी और लूट की रकम व सोने-चांदी के जेवर आखिर कहां छिपाए गए हैं।
पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद डकैती में शामिल अन्य बदमाशों और लूटे गए सामान के संबंध में भी अहम सुराग मिल सकते हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।