मथुरा7अक्टूबर2026/ वृंदावन में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में चार छात्रों की मौत हो गई। हादसा एक आवासीय संस्कृत गुरुकुलम में हुआ, जहां पानी की टंकी की सफाई करने के लिए छात्र अंदर उतरे थे। बताया जा रहा है कि टंकी के भीतर संदिग्ध जहरीली गैस की चपेट में आने से चारों छात्रों की तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गुरुकुल परिसर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पानी की टंकी के अंदर किस तरह की जहरीली गैस बनी थी और छात्रों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।