सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी : जंगल में छिपा माओवादियों का गुप्त बंकर ध्वस्त, भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद

11मई2026

बीजापुर। जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। डोडीतुमनार पटेलपारा की पहाड़ी और घने जंगलों के बीच जमीन के अंदर छिपाकर बनाया गया एक गुप्त बंकर पुलिस ने खोज निकाला। बंकर से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार बनाने और मरम्मत में उपयोग होने वाले उपकरण तथा अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि डोडीतुमनार क्षेत्र में माओवादी संगठन द्वारा जंगल के भीतर बड़ी मात्रा में सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना के बाद पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग अभियान शुरू किया। कई घंटों तक चले तलाशी अभियान के दौरान जवानों को पहाड़ी क्षेत्र में जमीन के भीतर संदिग्ध बंकर दिखाई दिया।
सुरक्षा के मद्देनजर पहले डिमाइनिंग टीम द्वारा पूरे क्षेत्र की जांच की गई। इसके बाद बंकर को खोला गया, जहां से माओवादियों द्वारा उपयोग में लाई जाने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद हुई। बरामद सामान में दो जनरेटर, दो लेथ मशीन, वेल्डिंग मशीन, ड्रिल मशीन, इन्वर्टर, बैटरियां, सोलर प्लेट और मोटर जैसी तकनीकी सामग्री शामिल है। इसके अलावा एक देशी बीजीएल लॉन्चर, 29 बीजीएल सेल और करीब 50 मीटर कॉर्डेक्स वायर भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद उपकरणों का उपयोग माओवादी विस्फोटक तैयार करने, हथियारों की मरम्मत करने और जंगलों में अपने नेटवर्क को संचालित करने में करते थे। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को माओवादी गतिविधियों पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके में सर्चिंग अभियान भी लगातार जारी है, ताकि आसपास छिपे अन्य ठिकानों का भी पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *