शराब नहीं पीने की समझाइश पर खूनी विवाद, टंगिया और ईंट से हमला कर की हत्या; 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा, 17 अक्टूबर 2026। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र में शराब नहीं पीने की समझाइश देना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। ग्राम धनिकरका के कोटवारपारा में हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मामले में कुआकोंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

समझाइश के दौरान हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, ग्राम धनिकरका कोटवारपारा निवासी बामन मरकाम और हूँगा मरकाम के बीच शराब नहीं पीने को लेकर समझाइश के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि बामन मरकाम ने हूँगा मरकाम पर लोहे के टंगिया और मिट्टी की ईंट से सिर, पेट तथा दाहिने हाथ पर हमला कर दिया। गंभीर हमले के कारण हूँगा मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया

घटना के बाद कुआकोंडा थाने में अपराध क्रमांक 50/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बामन मरकाम को गिरफ्तार किया। 16 अक्टूबर 2026 को उसे न्यायालय दंतेवाड़ा में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र खूंटे के मार्गदर्शन और एसडीओपी किरंदुल अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भीमार्जुन नाथ ताण्डी सहित पुलिस के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कुआकोंडा पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने और आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *