100 हफ्तों का ‘नशा मुक्त युवा’ अभियान शुरू: पीएम मोदी बोले- ड्रग्स से दूर रहें, यही विकसित भारत की ताकत

नई दिल्ली, 2 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा के लिए विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। यह 100 सप्ताह तक चलने वाला राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से जागरूक करना तथा उन्हें नशा-मुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनाना है।
अभियान की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सामूहिक प्रयासों में अपार शक्ति होती है और देशभर के लाखों युवाओं ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद आवश्यक है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत अगले 100 हफ्तों तक हर रविवार देशभर में जागरूकता कार्यक्रम, जनभागीदारी गतिविधियां और सामाजिक अभियान आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल की शुरुआत पिछले वर्ष काशी में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में हुई थी और अब इसमें 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठन भी जुड़े हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ड्रग्स के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पहले की तुलना में कई गुना अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं और हजारों करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार समाज और देश दोनों के लिए गंभीर खतरा है।
परिवारों से अपील करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि कोई युवा नशे की गिरफ्त में आ जाए तो उसे छिपाने के बजाय समय पर चिकित्सा सहायता और सहयोग उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने माता-पिता से बच्चों के साथ खुलकर संवाद करने और उन्हें सही मार्गदर्शन देने का आग्रह किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि ड्रग्स कुछ समय का झूठा उत्साह देते हैं, लेकिन जीवन, करियर और परिवार को बर्बाद कर देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश विरोधी ताकतें युवाओं को नशे के जाल में फंसाने की साजिश रचती हैं, इसलिए युवाओं को सतर्क और जागरूक रहना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *