रायगढ़ में हाथियों का हाई अलर्ट: सड़क पर उतरा 28 हाथियों का विशाल झुंड, वन विभाग ने जारी की चेतावनी

रायगढ़, 2 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 28 जंगली हाथियों का दल एक बार फिर लोगों की चिंता का कारण बन गया है। बंगुरसिया गांव के पास रायगढ़–पलीघाट मार्ग पर हाथियों का विशाल झुंड सड़क पर विचरण करता दिखाई दिया। कुछ देर तक हाथी सड़क पर ही खड़े रहे, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, 28 हाथियों का यह दल इन दिनों बंगुरसिया सर्कल क्षेत्र में सक्रिय है। हाथियों की लगातार गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। विभाग की टीमें हाथियों की लोकेशन पर लगातार नजर रखे हुए हैं, ताकि किसी भी तरह की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।

वन विभाग ने रायगढ़–पलीघाट मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने लोगों को हाथियों के पास न जाने, उन्हें किसी भी तरह से परेशान न करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

वन विभाग का कहना है कि हाथियों की हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है और स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि हाथियों की सूचना मिलने पर तुरंत वन विभाग को अवगत कराएं और अफवाहों से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *