जगदलपुर, 17 फरवरी 2026: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले का ग्राम धुड़मारास जल्द ही अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के मानचित्र पर अपनी जगह बनाने को तैयार है। इस दिशा में एक बड़ा कदम रखते हुए, संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध विशेषज्ञ और हिवा कोचिंग एंड कंसल्टिंग की संस्थापक एवं सीईओ सुश्री किर्सी ह्यवैरिनेन आगामी 23 से 28 फरवरी 2026 तक बस्तर में प्रवास करेंगी।
इस महत्वपूर्ण दौरे का उद्देश्य धुड़मारास और आसपास के क्षेत्रों में ऑन-साइट मेंटरशिप और योजना कार्य के माध्यम से स्थानीय पर्यटन को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करना है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और जिला प्रशासन बस्तर के समन्वय में आयोजित इस भ्रमण के दौरान सुश्री किर्सी स्थानीय हितधारकों, ग्रामीणों और हस्तशिल्पियों के साथ संवाद कर पर्यटन के नए अवसरों की पहचान करेंगी।
उनका छह दिवसीय कार्यक्रम 23 फरवरी को जगदलपुर आगमन और विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात के भ्रमण के साथ शुरू होगा। इस दौरान वे धुड़मारास में पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेंगी और धुर्वा डेरा होमस्टे के माध्यम से स्थानीय जीवनशैली और खान-पान का अनुभव करेंगी।
सुश्री किर्सी बाँस हस्तशिल्प कारीगरों के साथ तकनीकी चर्चाओं में हिस्सा लेंगी, कोटमसर गुफा और तीरथगढ़ जलप्रपात का भ्रमण करेंगी, और कायकिंग व राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का तकनीकी अवलोकन भी करेंगी।
विशेष रूप से वे स्थानीय समुदायों को यूएन बेस्ट टूरिज्म विलेज अपग्रेड प्रोग्राम के बारे में जानकारी देंगी और सतत ग्रामीण विकास के लिए राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय पर्यटन ढांचे पर विशेषज्ञ राय साझा करेंगी। यह दौरा न केवल बस्तर की सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने पेश करेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खोलेगा।
बस्तर पर्यटन को वैश्विक पहचान देने की दिशा में बड़ा कदमसंयुक्त राष्ट्र की डेलिगेट सुश्री किर्सी ह्यवैरिनेन करेंगी धुड़मारास का भव्य भ्रमण