दुर्घटना के बाद धमकी बनी मौत की वजह! ट्रक चालक की आत्महत्या मामले में मर्सिडीज चालक गिरफ्तार

दंतेवाड़ा 27जिन2026/दक्षिण बस्तर के गीदम थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद ट्रक चालक को कथित रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना गीदम में अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 115(2), 296, 351(3) एवं 108 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि 11 जून 2026 को बंजारी घाटी के पास ट्रक और मर्सिडीज कार के बीच सड़क दुर्घटना हुई थी। दुर्घटना के बाद मर्सिडीज चालक ने ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू के साथ कथित रूप से गाली-गलौज, मारपीट और वाहन क्षति के नाम पर पैसों की मांग की। साथ ही पैसे नहीं देने पर जान से मारने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना से मानसिक रूप से आहत और भयभीत ट्रक चालक ने अगले ही दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर घटना और प्रताड़ना से जुड़े कई वीडियो भी अपलोड किए थे।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान, सोशल मीडिया वीडियो, मोबाइल स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जुटाए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मर्सिडीज चालक सागर हेमला (42 वर्ष), निवासी गंगालूर बेस कैंप, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर को 26 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार बर्मन, एसडीओपी बारसूर गोविंद दीवान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गीदम निरीक्षक अमित बेरिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की जांच अभी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *