उड़ीसा से रायपुर ले जाया जा रहा था गांजा, नगरनार पुलिस ने महिला तस्कर को दबोचा, साढ़े चार किलो से अधिक गांजा जब्त

जगदलपुर, 26 जनवरी 2026।
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसते हुए थाना नगरनार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उड़ीसा से रायपुर ले जाया जा रहा 4.667 किलोग्राम गांजा जब्त करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख 33 हजार 350 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एनएच-63 स्थित ग्राम धनपुंजी मंडी नाका के पास एक महिला अपने पीठ्ठू बैग में अवैध गांजा रखकर उड़ीसा से रायपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रही है। सूचना मिलते ही थाना नगरनार पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही महिला घबरा गई और भागने का प्रयास करने लगी, लेकिन महिला पुलिस स्टाफ की मदद से उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुमन पाल (40 वर्ष), पति अजय कुमार पाल, निवासी संजय गांधी नगर, थाना हनुमंत विहार, जिला कानपुर (उत्तर प्रदेश) बताया।
तलाशी के दौरान महिला के नीले रंग के पीठ्ठू बैग से दो पैकेट में भरा 4.667 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10 हजार रुपये) और 1,000 रुपये नकद बरामद किए गए। इस प्रकार कुल जब्ती की कीमत करीब 2 लाख 44 हजार 350 रुपये आंकी गई है।
आरोपिया के विरुद्ध अपराध क्रमांक 19/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *