आत्मानंद स्कूल तोकापाल में आपदा से बचाव की ट्रेनिंग, मॉक ड्रिल से बच्चों ने सीखे जीवन रक्षक गुर

जगदलपुर, 18 फरवरी 2026। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय तोकापाल में बुधवार को सुरक्षा और सजगता का प्रेरक माहौल देखने को मिला। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम द्वारा आयोजित विशेष प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आपदा के समय सतर्क रहने और स्वयं तथा दूसरों की मदद करने के महत्वपूर्ण तरीके सिखाए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत में विशेषज्ञों ने आपदा के दौरान धैर्य बनाए रखने और छोटी-छोटी सावधानियों के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद जवानों ने मॉक ड्रिल के माध्यम से प्राकृतिक आपदा की परिस्थितियों का सजीव प्रदर्शन किया, जिसे विद्यार्थियों ने उत्साह और जिज्ञासा के साथ देखा। टीम ने घरेलू संसाधनों जैसे खाली बोतल, बांस और चादरों से अस्थायी लाइफ जैकेट और स्ट्रेचर बनाने की तकनीक भी बताई।
इसके साथ ही घायल व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने के तरीके और जीवन रक्षक सीपीआर (CPR) प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस अभ्यास ने विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाया और उन्हें संकट की स्थिति में फर्स्ट रिस्पॉन्डर बनने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ ऐसे जीवनोपयोगी कौशल विद्यार्थियों के लिए बेहद आवश्यक हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए गए और संदेश दिया गया कि आपदा प्रबंधन की जानकारी ही सबसे बड़ा बचाव है।
इस अवसर पर एसडीएम शंकरलाल सिन्हा, तहसीलदार यशोदा केतारप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *