रायपुर – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्पा संचालक से कथित वसूली और धमकी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद गृहमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारी को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
मामला बिलासपुर के तत्कालीन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वर्तमान में गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले में पदस्थ एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में स्पा संचालक द्वारा वसूली और धमकी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। संचालक ने इस संबंध में बिलासपुर रेंज के आईजी से औपचारिक शिकायत भी की थी।
मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा—
“मैंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसे अधिकारी को सस्पेंड किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।”
वीडियो सामने आने के बाद बिलासपुर संभाग के आईजी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। उन्हें वायरल वीडियो, चैट और लगाए गए आरोपों की जांच कर 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी बीच गृहमंत्री के निर्देश के बाद किसी भी समय एएसपी के निलंबन का औपचारिक आदेश जारी किए जाने की संभावना है। यह मामला राज्य में पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।