परीक्षा से पहले बुझ गया सपना: 12वीं की तैयारी कर रही छात्रा की छत से गिरकर मौत, परिवार में मातम

रायगढ़/18/02/2026रायगढ़ में एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों से भरे एक घर को पलभर में मातम में बदल दिया। 12वीं कक्षा की होनहार छात्रा अनन्या सर्वे की छत से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। सबसे मार्मिक बात यह रही कि जिस दिन उसकी जिंदगी का अहम पड़ाव — बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर — होना था, उसी दिन यह हादसा हो गया।
जानकारी के अनुसार, अनन्या अपने परिवार के साथ रायगढ़ मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर स्थित टाइप-6 क्वार्टर की तीसरी मंजिल में रहती थी। बुधवार सुबह करीब 6 बजे वह रोज की तरह छत पर बैठकर पढ़ाई कर रही थी, ताकि परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन कर सके। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन और आसपास के लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि अनन्या पढ़ाई में बेहद मेधावी, शांत और अनुशासित स्वभाव की छात्रा थी। उसके सपनों और मेहनत की चर्चा परिवार और परिचितों के बीच अक्सर होती थी। परीक्षा के दिन ही उसके असामयिक निधन ने सभी को स्तब्ध कर दिया।
मृत छात्रा के पिता राजेश सर्वे रायगढ़ मेडिकल कॉलेज की स्थापना शाखा में कर्मचारी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए बिलासपुर जिले के गनियारी ले जाया गया।
एक होनहार बेटी, जो अपने सपनों की उड़ान भरने जा रही थी, वह यूं अचानक जिंदगी की दौड़ से बाहर हो गई। इस दर्दनाक घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *