आजमगढ़: 23सितंबर 2026/उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पूजा-पाठ को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद मंगलवार शाम खूनी वारदात में बदल गया। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गहजी गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और पूजा करा रहे दो पुरोहितों को कथित तौर पर गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी अपने बच्चों को लेकर घर के एक कमरे में बंद हो गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अरविंद सिंह के रूप में हुई है। विवाद उस समय बढ़ा, जब घर में शांति के लिए पांच दिवसीय पूजा कराई जा रही थी। मंगलवार को पूजा के चौथे दिन अरविंद घर लौटा और पूजा का विरोध करने लगा। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई।
आरोप है कि अरविंद ने लाइसेंसी रिवाल्वर से पहले अपनी पत्नी बबीता को गोली मारी। इसके बाद पूजा करा रहे महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा को भी गोली मार दी। फायरिंग के दौरान मौजूद एक अन्य युवक हिमांशु वहां से बाहर निकल गया।
घटना के बाद अरविंद अपने बच्चों को लेकर कमरे में बंद हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मकान को चारों तरफ से घेर लिया। बच्चों के कमरे में मौजूद होने के कारण पुलिस ने काफी सावधानी से कार्रवाई की और आरोपी को बाहर आने के लिए समझाने का प्रयास किया।
देर रात करीब 12:55 बजे एटीएस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में आरोपी के बेटे के भी गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वारदात के पीछे के कारणों को लेकर परिजनों व अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।