बीजापुर, 12 नवंबर 2026। बीजापुर जिले के बेदरे थाना क्षेत्र के ग्राम केरपे और करकेली में गुरुवार को कलेक्टर विश्वदीप और पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने जन-चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं और जरूरतें सुनीं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
जन-चौपाल में अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र के माओवाद-मुक्त होने के बाद अब शांति, सुरक्षा और विकास को नई गति देने का अवसर है। स्थायी शांति बनाए रखने और गांवों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए ग्रामीणों से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को बाहरी असामाजिक तत्वों के बहकावे में नहीं आने और ऐसे लोगों से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के नाम पर ग्रामीणों को गुमराह करने वाले तत्वों से सावधान रहने तथा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
बस्तर फाइटर्स भर्ती के लिए युवाओं से आगे आने की अपील
जन-चौपाल के दौरान स्थानीय युवाओं को बस्तर फाइटर्स भर्ती में आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही नक्सल प्रभावित परिवारों और पात्र हितग्राहियों को शासन की ओर से मिलने वाली राहत एवं सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे, एसडीएम भैरमगढ़ एवं भोपालपटनम, एसडीओपी फरसगढ़, तहसीलदार, पटवारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।