जगदलपुर, 13 फरवरी 2026।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मार्गदर्शन में जिला बस्तर के ब्लॉक जगदलपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बिलोरी-1 में जल अर्पण दिवस उत्साह और जनसहभागिता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में “जल ही जीवन है” का संदेश पूरे गांव में गूंजता रहा और ग्रामीणों ने जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर ग्रामीणों को भविष्य की जल व्यवस्था से अवगत कराने के लिए गांव की पाइपलाइन का विस्तृत नक्शा प्रदर्शित किया गया, जिससे लोग अपनी जलापूर्ति प्रणाली को बेहतर ढंग से समझ सकें। जल संरक्षण और ग्राम विकास में सक्रिय योगदान के लिए पंचायत को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जो सामूहिक प्रयासों की बड़ी उपलब्धि मानी गई।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखना उतना ही जरूरी है जितना घर की साफ-सफाई। ग्रामीणों को पानी की शुद्धता की जांच का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि वे स्वयं सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित कर सकें।
सामाजिक-सांस्कृतिक रंग भी कार्यक्रम में देखने को मिला। पंच बालेश्वरी नाग और रीता बघेल ने आकर्षक रंगोली सजाई, वहीं पंच चम्पा कश्यप के लोकगीतों पर ग्रामीण झूम उठे। इस दौरान फलदार पौधे लगाने और पेड़ों की कटाई रोकने का संदेश भी दिया गया।
जनपद सदस्य फूलकुमारी बघेल, सरपंच उपन बघेल और सचिव कमल किशोर कश्यप ने ग्रामीणों से जल संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम में सामूहिक शपथ ग्रहण कर सभी ग्रामवासियों ने जल स्रोतों की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया।
आयोजन की सफलता में सरपंच, सचिव और एसडीओ एस. सुनीता की अहम भूमिका रही। कोऑर्डिनेटर ज्योत्सना सूना और नेहा साहू के सहयोग से यह अभियान जन-आंदोलन का रूप ले सका। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, कोटवार, पटेल, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और भी प्रभावी बना दिया।
बिलोरी में ‘जल ही जीवन’ का जनसंकल्प, जल अर्पण दिवस पर जागरूकता की नई मिसाल