लोहंडीगुड़ा में कलेक्टर आकाश छिकारा का औचक निरीक्षण, लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

जगदलपुर, 13 फरवरी 2026।
क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर आकाश छिकारा ने गुरुवार को लोहंडीगुड़ा तहसील कार्यालय तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नामांतरण, बटवारा, अभिलेख त्रुटि सुधार, भू-अभिलेखों की प्रविष्टियां तथा सीमांकन से संबंधित प्रकरणों की फाइलों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। कलेक्टर ने लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व से जुड़े प्रकरणों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने विशेष रूप से आरबीसी 6-4 के सभी प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही भू-अभिलेखों के डिजिटलीकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए तकनीकी प्रक्रियाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति और जवाबदेही पर भी बल दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक दक्षता तभी संभव है, जब कार्यालयों में समयपालन, पारदर्शिता और जिम्मेदारी का समुचित निर्वहन हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *