बीजापुर, 13 फरवरी 2026।
जिले के थाना मोदकपाल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंगुड़ में सुरक्षा बलों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए माओवादियों द्वारा पूर्व में निर्मित छह स्मारकों को ध्वस्त कर दिया। यह संयुक्त अभियान थाना मोदकपाल पुलिस एवं सीआरपीएफ की बी/62 वाहिनी नुकनपाल की टीम द्वारा चलाया गया।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने केवल सर्च ऑपरेशन ही नहीं किया, बल्कि ग्रामीणों से सीधा संवाद भी स्थापित किया। गांव में मौके पर ही चलित थाना लगाया गया, जहां ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित निराकरण की पहल की गई। पुलिस–जन संवाद को मजबूत करने की इस पहल को ग्रामीणों ने सकारात्मक रूप से लिया।
इसके साथ ही साइबर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। ग्रामीणों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई तथा सतर्क रहने की सलाह दी गई।
कार्रवाई के दौरान गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने “भारत माता की जय” के नारों के साथ सुरक्षा बलों का उत्साहवर्धन किया।
प्रशासन का मानना है कि यह अभियान क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और लोकतांत्रिक विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मोदकपाल में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई: 6 माओवादी स्मारक ध्वस्त, गांव में लगाया चलित थाना