इंद्रावती का रौद्र रूप: जगदलपुर के दो वार्ड जलमग्न, 850 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू, हेलीकॉप्टर से भी बचाव की तैयारी

जगदलपुर 27सितंबर 2026/बस्तर में लगातार हो रही बारिश के बीच इंद्रावती नदी का जलस्तर बढ़ने से जगदलपुर शहर के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। प्रवीर वार्ड और विजय वार्ड में पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई घरों में पानी पहुंचने के बाद लोग सुरक्षित स्थानों और घरों की ऊपरी मंजिलों पर शरण लेने को मजबूर हैं।

प्रशासन और राहत-बचाव दल ने प्रभावित इलाकों में रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया है। अब तक 850से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि कुछ लोग अभी भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में फंसे बताए जा रहे हैं। स्थानीय युवा भी प्रशासन के साथ मिलकर ट्रैक्टर और अन्य साधनों की मदद से लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं।

रात के समय भी बचाव अभियान जारी रखने के लिए मौके पर नावें और जरूरी उपकरण तैनात किए गए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता कच्चे मकानों में रह रहे लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ ही बाढ़ के पानी में फंसे अन्य लोगों तक पहुंचना है।

स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाने की तैयारी भी की जा रही है। प्रशासन की ओर से इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की गई है। यदि अंदरूनी इलाकों में फंसे लोगों तक राहत दल नहीं पहुंच पाता है, तो सुबह हवाई माध्यम से बचाव कार्य किया जा सकता है।

इंद्रावती नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *