जगदलपुर। बस्तर में नशे के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना बोधघाट पुलिस ने मेडिकल स्टोर की आड़ में संचालित हो रहे अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह नेटवर्क छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से लेकर ओडिशा के नबरंगपुर तक फैला हुआ था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित नशीली दवा ट्रामोडोल की भारी खेप जब्त की है। बरामद माल में 440 पत्ते यानी कुल 3,520 कैप्सूल शामिल हैं, जिनका वजन लगभग ढाई किलो और बाजार मूल्य करीब 14 लाख रुपये आंका गया है।
जांच में खुलासा हुआ कि जगदलपुर का आरोपी शहर के युवाओं को नशीली कैप्सूल खपाता था, जबकि इसकी सप्लाई ओडिशा के नबरंगपुर से की जा रही थी। चौंकाने वाली बात यह रही कि सप्लायर मेडिकल स्टोर की आड़ लेकर इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले जगदलपुर में आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद मिली जानकारी पर टीम ने ओडिशा में दबिश देकर मुख्य सप्लायर को भी धर दबोचा।
दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बस्तर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे युवाओं को नशे के जाल में फंसाने वाले नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है।
मेडिकल स्टोर की आड़ में ड्रग्स का खेल बेनकाब: बस्तर पुलिस ने तोड़ा अंतरराज्यीय नशा सिंडिकेट, 14 लाख की ट्रामोडोल जब्त