ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर : अब निजी स्कूलों में मिलेगी निःशुल्क उत्कृष्ट शिक्षा

जगदलपुर, 20 मई 2026।
ग्रामीण अंचलों के मेधावी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को संवारने के उद्देश्य से राज्य शासन के आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (सत्र 2026-27) के तहत कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु अधिसूचना जारी कर दी है। इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित निजी विद्यालयों में कक्षा 12वीं तक पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यार्थियों की शिक्षा का संपूर्ण खर्च राज्य शासन वहन करेगा।
योजना के तहत केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। आवेदक छात्र-छात्राओं का छत्तीसगढ़ के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में नियमित अध्ययनरत होना आवश्यक है तथा कक्षा 4वीं की परीक्षा में न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड प्राप्त होना चाहिए। साथ ही विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय से अध्ययनरत होना चाहिए। नगर पालिका एवं नगर निगम क्षेत्र के विद्यार्थियों को योजना के दायरे से बाहर रखा गया है। अभिभावकों की वार्षिक आय सभी स्रोतों से ढाई लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
प्रवेश के लिए राज्य स्तरीय लिखित परीक्षा का आयोजन रविवार 26 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा में विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, हिन्दी एवं पर्यावरण विषयों से संबंधित कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक विषय से 20-20 अंक निर्धारित किए गए हैं। विभाग ने परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में स्वयं का पैड (एग्जाम बोर्ड) साथ लाने के निर्देश दिए हैं।
इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 20 जून शाम 5 बजे तक अपने विद्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन पत्रों की जांच कर स्कूल प्रमुखों द्वारा 27 जून तक विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजा जाएगा तथा अंतिम सूची 30 जून तक आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त कार्यालय में प्रस्तुत की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अपूर्ण आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
विभाग ने सभी प्रधान पाठकों एवं शिक्षकों से अपील की है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक प्रतिभावान बच्चों को योजना से जोड़ने हेतु प्रेरित करें तथा आवेदन प्रक्रिया में उनकी हरसंभव सहायता करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *