दरभा और हल्बा कचोरा में लगे जनसमस्या निवारण शिविर, स्वास्थ्य जांच से लेकर बैंक ऋण तक मिली सुविधाएं
जगदलपुर, 20 मई 2026।
राज्य शासन के निर्देशानुसार “संवाद से समाधान” की भावना के साथ संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत बुधवार को विकासखंड मुख्यालय दरभा एवं जगदलपुर ब्लॉक के ग्राम हल्बा कचोरा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। दरभा शिविर में प्राप्त 163 आवेदनों में से 101 का निराकरण किया गया, जबकि हल्बा कचोरा शिविर में प्राप्त 63 आवेदनों में से 36 आवेदन निराकृत किए गए। पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड तथा राशन कार्ड निर्माण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
दरभा शिविर में दो दिव्यांगजनों को व्हील चेयर प्रदान की गई। मत्स्यपालन विभाग द्वारा दो हितग्राहियों को जाल एवं आइस बॉक्स वितरित किए गए तथा 30 स्कूली छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र दिए गए। वहीं स्व सहायता समूहों से जुड़ी 55 महिलाओं को एक करोड़ 59 लाख रुपये का बैंक ऋण प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पांच बच्चों का अन्नप्राशन एवं छह गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म भी संपन्न कराई गई।
हल्बा कचोरा शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन हितग्राहियों को नवनिर्मित मकानों की चाबी सौंपी गई। कृषि विभाग ने 21 किसानों को रागी बीज मिनिकिट वितरित किए, जबकि मत्स्यपालन विभाग ने चार हितग्राहियों को जाल एवं आइस बॉक्स प्रदान किए। इसके अलावा महिला स्व सहायता समूहों की पांच महिलाओं को 10 लाख रुपये का बैंक ऋण वितरित किया गया।
शिविरों में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। रक्तचाप, मधुमेह, वजन एवं सिकलसेल की जांच के साथ मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार भी किया गया। मोतियाबिंद पीड़ित मरीजों की आंखों की जांच कर निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। भीषण गर्मी को देखते हुए ग्रामीणों को लू से बचाव, ओआरएस के उपयोग और घर पर ओआरएस बनाने की विधि की जानकारी भी दी गई।
दरभा शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष मानकदई कश्यप, उपाध्यक्ष हरिप्रसाद कश्यप, एसडीएम शंकरलाल सिंहा, जनपद पंचायत सीईओ वीरेन्द्र बहादुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं हल्बा कचोरा शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष पदलाम नाग, उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम कश्यप एवं अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी उपस्थित रहे।