पप्पू देशमुख हत्याकांड के दो मुख्य आरोपी रायपुर से गिरफ्तार, महाराष्ट्र के कई शहरों में छिपते फिर रहे थे जीजा-साले

राजनांदगांव पुलिस ने बसंत विहार इलाके में घेराबंदी कर पकड़ा, हत्या के बाद लगातार बदल रहे थे ठिकाने

राजनांदगांव/रायपुर, 1 नवंबर 2026। बहुचर्चित सत्यजीत देशमुख उर्फ पप्पू देशमुख हत्याकांड में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रफुल्ल साहू उर्फ विक्की और उसके साले मुकेश साहू के रूप में हुई है। दोनों को रायपुर के बसंत विहार इलाके से घेराबंदी कर पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की रात चौकी चिखली क्षेत्र में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ सत्यजीत देशमुख के घर में जबरन घुसकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल सत्यजीत को आरोपी जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी।

महाराष्ट्र से छत्तीसगढ़ तक पुलिस की तलाश

वारदात के बाद से ही दोनों आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे और पुलिस को चकमा दे रहे थे। उनकी तलाश में पुलिस टीमों ने महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में दबिश दी। नागपुर, चंद्रपुर, अकोला, पुणे और शिर्डी सहित कई स्थानों पर छापेमारी की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस को रायपुर में उनके छिपे होने की जानकारी मिली, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

दो आरोपी पहले ही भेजे जा चुके हैं जेल

इस हत्याकांड में पुलिस पहले ही बबलू साहू उर्फ बल्ला और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में पुलिस ने दावा किया है कि प्रफुल्ल साहू और मुकेश साहू ने भी अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद न्यायालय के निर्देश पर दोनों को जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *