रायपुर/बिलासपुर। होली से ठीक पहले प्रदेश के किसानों को बड़ी आर्थिक राहत देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना के तहत 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की। बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के रहंगी में आयोजित किसान सम्मेलन में यह राशि एक क्लिक से जारी की गई।
सिर्फ बिलासपुर जिले के 1.25 लाख से अधिक किसानों को 494.38 करोड़ रुपए का लाभ मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान भाई-बहन होली का त्योहार खुशहाली के साथ मना सकें, इसलिए त्योहार से पहले यह राशि उनके खातों में भेजी गई है।
263 करोड़ के विकास कार्यों की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 15.99 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण 7 कार्यों का लोकार्पण और 247.18 करोड़ रुपए की लागत के 82 नए कार्यों का शिलान्यास भी किया। ‘कृषक उन्नति योजना का वरदान, छत्तीसगढ़ का हर किसान धनवान’ थीम पर आधारित वीडियो का विमोचन किया गया और पारंपरिक रूप से खुमरी व नांगर भेंटकर अतिथियों का सम्मान हुआ।
किसानों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण सुविधा, समय पर समर्थन मूल्य भुगतान और खाद पर सब्सिडी जैसी योजनाओं से सशक्त बना रही है। उन्होंने बताया कि धान खरीदी में इस वर्ष रिकॉर्ड भुगतान हुआ है और किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ भी बड़ी संख्या में किसान उठा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में भी सहायता राशि अंतरित की जा रही है तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री योजनाओं का जिक्र
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किसानों को सम्मान निधि के रूप में प्रति वर्ष 6 हजार रुपए दिए जा रहे हैं। उन्होंने विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को दोहराते हुए बताया कि राज्य में ई-ऑफिस प्रणाली लागू कर प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाई गई है और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को स्वीकृति दी गई है।
किसानों से सीधा संवाद
मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न जिलों के किसान हितग्राहियों से बातचीत भी की। जगदलपुर, कोरबा और जांजगीर के किसानों ने खातों में राशि मिलने की पुष्टि करते हुए सरकार के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। सरकार ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में फसल विविधीकरण, दुग्ध उत्पादन और मत्स्यपालन को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसानों की आय में स्थायी वृद्धि हो सके।
छत्तीसगढ़ में किसानों को होली गिफ्ट: सीएम साय ने 25 लाख किसानों को 10,324 करोड़ ट्रांसफर किए, 263 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात