चक्रवात की आशंका से बस्तर में हाई अलर्ट, 18 से अधिक राहत शिविर तैयार; NDRF-SDRF तैनात

इंद्रावती, मारकण्डी और नारंगी नदी के तटीय गांवों में मुनादी शुरू, बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय; प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

जगदलपुर, 27 अक्टूबर 2026। उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में 27 से 29 अक्टूबर के दौरान संभावित भीषण चक्रवाती तूफान को देखते हुए बस्तर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। चक्रवात के प्रभाव से जिले में बारिश और बाढ़ की आशंका को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशन में 24 घंटे संचालित बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यहां 26 से 31 अक्टूबर तक चार पालियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो केंद्रीय जल आयोग के संपर्क में रहकर इंद्रावती नदी के जलस्तर और बारिश की स्थिति पर नजर रखेंगे।

तटीय गांवों में मुनादी, 18 से अधिक राहत शिविर तैयार

प्रशासन ने इंद्रावती, मारकण्डी और नारंगी नदियों के तटीय एवं निचले इलाकों में स्थित संवेदनशील गांवों को विशेष निगरानी में रखा है। जगदलपुर, बकावण्ड, लोहण्डीगुड़ा और बस्तर तहसील के प्रभावित हो सकने वाले क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की जानकारी दी जा रही है।

संभावित बाढ़ और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए 18 से अधिक प्राथमिक शाला भवनों, सामाजिक भवनों, मंगल भवनों और धर्मशालाओं को राहत शिविर के रूप में तैयार किया गया है। इन शिविरों में भोजन, पेयजल और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नोडल अधिकारियों को तैनात किया गया है। जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों के संचालन के लिए 13 नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।

NDRF, SDRF और नगर सेना अलर्ट

राहत एवं बचाव कार्यों के लिए नगर सेना, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को तैयार रखा गया है। बचाव दलों को मोटर बोट, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, अंडरवाटर रेस्क्यू सिस्टम, पोर्टेबल फ्लोटिंग पंप, कटर और गैस डिटेक्टर जैसे जरूरी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

जिला प्रशासन ने नागरिकों की सहायता के लिए 24 घंटे सक्रिय बाढ़ नियंत्रण कक्ष का नंबर जारी किया है।

  • जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष: 07782-223122
  • अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे: 9827152283
  • जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार मार्बल: 7974743964
  • जगदलपुर एसडीएम मनीष वर्मा: 9406349496
  • बस्तर एसडीएम अजय कुमार शतरंज: 8717902544
  • लोहण्डीगुड़ा एसडीएम नंदनी साहू: 7898632929
  • तोकापाल एसडीएम सत्येन्द्र कुमार बंजारे: 7898748891
  • बकावण्ड एसडीएम अमित बेक: 8659966210

स्थानीय स्तर पर सहायता के लिए संबंधित तहसीलदारों से भी संपर्क किया जा सकता है। इनमें जगदलपुर के राहुल गुप्ता (6263550976), तोकापाल की यशोदा केतारप (9424297984), बास्तानार के पुष्पराज मिश्रा (9174081224), दरभा के सुनील कुमार ध्रुव (9399163436), लोहण्डीगुड़ा के कैलाश पोयाम (8770723024), बकावण्ड की जागेश्वरी गावड़े (8817274350), बस्तर की जॉली जेम्स (9424291946), भानपुरी के जीवेश शोरी (9406422812), नानगुर की दीपिका देहारी (9425596378) और करपावण्ड के पंकज बघेल (7879119049) शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, स्थानीय स्तर पर जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में बाढ़ नियंत्रण कक्ष या संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *