ICU में दो साल से ड्यूटी कर रहा था कथित फर्जी डिग्रीधारी, अम्बिकापुर के महावीर अस्पताल को नोटिस

अम्बिकापुर, 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर स्थित श्री महावीर अस्पताल में कथित फर्जी डिग्री के आधार पर आईसीयू में ड्यूटी करने का मामला सामने आया है। उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया, जहां डॉ. नुरूल आलम की डिग्री के सत्यापन में उसे फर्जी पाया गया। विभाग के अनुसार, नुरूल आलम पिछले करीब दो वर्षों से अस्पताल के आईसीयू में ड्यूटी कर रहे थे।

मामले में अस्पताल को नोटिस जारी किया गया है और डॉ. नुरूल आलम के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। आईसीयू जैसे संवेदनशील विभाग में कथित फर्जी डिग्री वाले व्यक्ति से सेवाएं लिए जाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जांच के दौरान अस्पताल में मेडिकल लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत सुमन राजवाड़े के दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया। विभाग के मुताबिक, वह वैध दस्तावेजों के बिना कार्य करते पाए गए। उनके विरुद्ध भी वैधानिक और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अस्पतालों में डॉक्टरों और तकनीकी कर्मचारियों की शैक्षणिक योग्यता एवं दस्तावेजों के सत्यापन का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *