शराब तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 25 पेटी बीयर समेत भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त

15मई 2026

दंतेवाड़ा जिले के किरन्दुल क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक महेन्द्रा मराजो वाहन से भारी मात्रा में बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कुल कीमत वाहन सहित करीब लाख रुपये के आसपास बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि किरन्दुल के सीएसईबी कॉलोनी और पटवारी पारा इलाके में अवैध रूप से शराब की खेप पहुंचाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध महेन्द्रा मराजो वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में 25 पेटी सिंबा बीयर के साथ अंग्रेजी शराब की तीन पेटियां बरामद हुईं। इनमें अध्धी और पौवा दोनों प्रकार की शराब शामिल थी। कुल मिलाकर सैकड़ों बोतलों में शराब का अवैध परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से वाहन को जब्त करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि शराब को अवैध बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में इन दिनों अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शराब तस्करी और अवैध बिक्री को रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *