झोराघाट में दर्दनाक हादसा: पिकनिक मनाने गए 17 वर्षीय युवक की नदी में डूबकर मौत

17मई 2026

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र स्थित लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट झोराघाट में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार के साथ घूमने पहुंचे 17 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
मृतक की पहचान कटघोरा निवासी अलाउद्दीन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। रविवार को वह अपने परिजनों के साथ झोराघाट पिकनिक मनाने पहुंचा था। दोपहर के समय गर्मी से राहत पाने के लिए वह नदी में नहाने उतरा, लेकिन उसे पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था। देखते ही देखते वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
युवक को बचाने के लिए परिजन और आसपास मौजूद लोग तुरंत नदी में कूद पड़े। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया जा रहा है कि अलाउद्दीन को तैरना नहीं आता था और वह पहली बार झोराघाट घूमने आया था।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि झोराघाट में हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक और पिकनिक मनाने वाले लोग पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, सुरक्षा कर्मियों और गोताखोरों की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *