स्पा सेंटर में पुलिस की अचानक दबिश, 8 युवतियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई; मॉल की दूसरी मंजिल पर चल रहा था सेंटर

भिलाई, 14 सितंबर 2026। भिलाई के सूर्या मॉल में संचालित एक स्पा सेंटर में पुलिस ने अचानक जांच की। पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान सेंटर के भीतर कई युवतियां मौजूद मिलीं। पूछताछ और जांच के बाद करीब 7 से 8 युवतियों के खिलाफ बाउंड ओवर यानी मुचलका पाबंद की कार्रवाई की गई।

बताया गया कि स्पा सेंटर मॉल की दूसरी मंजिल पर संचालित हो रहा था। पुलिस के पहुंचने के दौरान सेंटर में युवतियां मौजूद थीं। खास बात यह रही कि मॉल प्रबंधन की ओर से सेंटर का बिजली और पानी कनेक्शन बंद किए जाने की जानकारी सामने आई, इसके बावजूद वहां गतिविधियां संचालित होने की बात सामने आई।

देह व्यापार की पुष्टि नहीं

पुलिस की जांच में मौके पर अनैतिक देह व्यापार से संबंधित कोई ठोस पुष्टि नहीं हुई। हालांकि, एहतियात के तौर पर पुलिस ने वहां मौजूद युवतियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें बाउंड ओवर किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में संचालित स्पा सेंटरों और अन्य संस्थानों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन या किसी तरह की अवैध गतिविधि सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्पा सेंटरों के संचालन और वहां होने वाली गतिविधियों को लेकर निगरानी और सख्त किए जाने के संकेत मिले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *