नई दिल्ली, 14 सितंबर 2026। दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में रविवार को एक फैक्ट्री में अचानक आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास की इमारत में रहने वाले लोगों के बीच दहशत फैल गई। अपनी जान बचाने की कोशिश में महिलाओं और बच्चों समेत छह लोग इमारत से नीचे कूद गए, जिससे वे घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
जानकारी के मुताबिक, आग एक गोदाम-कम-फैक्ट्री में लगी थी, जहां जूडो ड्रेस और बॉक्सिंग ग्लव्स तैयार किए जाते हैं। आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल तक फैल गई थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिस वक्त आग लगी, उस समय फैक्ट्री के अंदर कोई मौजूद नहीं था। हालांकि, आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास की इमारतों में रहने वाले लोगों में अचानक भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
फैक्ट्री से सटी इमारत में मौजूद कुछ लोग बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान घबराहट में महिलाओं और बच्चों समेत छह लोगों ने नीचे छलांग लगा दी। हादसे में उन्हें चोटें आईं, जिसके बाद पुलिस और अन्य लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें आग की भयावहता और अपनी जान बचाने के लिए लोगों की कोशिशें दिखाई दे रही हैं।