बीजापुर, 5 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। जिले के थाना तर्रेम क्षेत्रान्तर्गत जंगल-पहाड़ी इलाके में गुरुवार सुबह हुए मुठभेड़ में दक्षिण बस्तर डिवीजन का DVCM उधम सिंह मारा गया। मुठभेड़ स्थल से AK-47 राइफल, विस्फोटक सामग्री और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, दक्षिण बस्तर डिवीजन के DVCM उधम सिंह एवं अन्य सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना के आधार पर DRG बीजापुर और कोबरा की संयुक्त टीम को सर्च ऑपरेशन पर रवाना किया गया था।
अभियान के दौरान 05 फरवरी 2026 की सुबह करीब 7 बजे से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग होती रही। मुठभेड़ समाप्त होने के बाद सर्च के दौरान DVCM उधम सिंह का शव बरामद किया गया।
8 लाख का इनामी था उधम सिंह
मारे गए माओवादी की पहचान DVCM उधम सिंह, इंचार्ज प्लाटून नंबर-30, दक्षिण बस्तर डिवीजन के रूप में हुई है। उस पर 08 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
उधम सिंह, कोत्तागुड़ा (थाना बासागुड़ा, जिला बीजापुर) का निवासी था और वर्ष 2002-03 में संगठन में पार्टी सदस्य के रूप में शामिल हुआ था। वह लंबे समय से छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर क्षेत्र में सक्रिय था और बीते तीन वर्षों से पामेड़ एरिया कमेटी में कार्यरत था।
कई बड़ी वारदातों में रहा शामिल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उधम सिंह के विरुद्ध बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज थे।
वह कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा, जिनमें—
वर्ष 2023 में थाना तर्रेम क्षेत्र के गुंडम जंगल में पुलिस पार्टी पर हमला,
वर्ष 2024 में थाना बासागुड़ा क्षेत्र के पुतकेल–चिपुरभट्टी जंगल में मुठभेड़,
तथा वर्ष 2024 में जिड़पल्ली कैंप पर हमला प्रमुख हैं।
मुठभेड़ स्थल से यह सामग्री बरामद
सर्च ऑपरेशन के दौरान मुठभेड़ स्थल से—
01 नग AK-47 राइफल,
02 मैगजीन व 28 राउंड,
कार्डेक्स वायर, वायरलेस सेट, मोबाइल फोन, पाउच, पिट्ठू, टिफिन बैग
सहित अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने दी जानकारी
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि जिले के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
आज बीजापुर जिला मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी., उप महानिरीक्षक (ऑप्स) केरिपु बीजापुर सेक्टर बी.एस. नेगी, एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मुठभेड़ और अभियान की जानकारी दी।
आंकड़ों में नक्सल विरोधी अभियान
एसपी डॉ. यादव के अनुसार—
वर्ष 2025 में जिले में अलग-अलग मुठभेड़ों में 163 माओवादी ढेर किए गए।
वर्ष 2026 में अब तक 11 माओवादी मारे जा चुके हैं।
जनवरी 2024 से अब तक कुल 232 माओवादी ढेर,
1163 माओवादी गिरफ्तार,
और 888 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाली के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता: तर्रेम के जंगलों में मुठभेड़, 8 लाख का इनामी DVCM उधम सिंह ढेर, AK-47 व विस्फोटक बरामद