जगदलपुर/बस्तर, 08 जून 2026। बस्तर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करपावंड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में गोवा व्हिस्की बरामद की गई है, जिसे अवैध रूप से बिक्री के लिए रखा गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम मंगनार में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी मनसा भारती (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की के 88 पौवा बरामद किए गए। प्रत्येक बोतल में 180 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी। जब्त शराब की कुल मात्रा 15.840 लीटर तथा अनुमानित कीमत 11 हजार 880 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।