9जून2026
जगदलपुर। बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाए जा रहे करीब 18.085 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 9 लाख 4 हजार 250 रुपये बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम धनपुंजी फॉरेस्ट नाका एनएच-63 के पास एक युवक दो बैगों में अवैध मादक पदार्थ लेकर जगदलपुर की ओर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल पांडे (28 वर्ष), निवासी बिलासपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो बैगों में रखे गए तीन पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 18.085 किलोग्राम गांजा मिला। जांच में पता चला कि आरोपी गांजे की खेप को ओडिशा से बिलासपुर ले जाने की तैयारी में था।
पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतरराज्यीय गांजा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।