गरियाबंद में पुलिस की सख्ती से घबराए तस्कर, नहर में बहाया लाखों का गांजा

27अप्रैल2026

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस की कड़ी नाकाबंदी के चलते गांजा तस्करों ने बड़ी खेप को बचाने के लिए अतरमरा नहर में फेंक दिया। नहर में तैरते हुए संदिग्ध पैकेट मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाकर 17 पैकेट गांजा बरामद किया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक प्रत्येक पैकेट में 2 से 3 किलो गांजा भरा था, जिससे कुल वजन करीब 30 से 45 किलो के बीच आंका जा रहा है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 15 लाख रुपए बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि जिलेभर में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान और सीमावर्ती इलाकों में बढ़ी निगरानी के कारण तस्करों में हड़कंप मच गया। गिरफ्तारी के डर से उन्होंने खेप को नहर में फेंककर फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने सभी पैकेट जब्त कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही संदिग्ध वाहनों और संभावित तस्करी नेटवर्क की पड़ताल तेज कर दी गई है।
गरियाबंद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। लगातार हो रही सख्त कार्रवाई से तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा दबाव बनता दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *