इंश्योरेंस क्लेम में कमीशनखोरी का आरोप! नारायणपुर में निरीक्षक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

नारायणपुर। 20जुलाई 2026/पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिलने वाले इंश्योरेंस क्लेम का लाभ दिलाने के नाम पर कथित रूप से कमीशन मांगने के मामले में नारायणपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में एक अधिवक्ता को भी आरोपी बनाया गया है, जिसकी भूमिका की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, नारायणपुर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक शिकायतकर्ता ने पुलिस को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत मिलने वाले इंश्योरेंस कवर का लाभ दिलाने और क्लेम प्रक्रिया में सहायता करने के एवज में कमीशन की मांग की गई। शिकायत में कहा गया कि बीमा लाभ दिलाने के नाम पर राशि मांगना नियमों के विरुद्ध है।

शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में शिकायत के तथ्यों की पुष्टि होने पर रक्षित केंद्र नारायणपुर में पदस्थ निरीक्षक सुरेश चंद यादव और एक अधिवक्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। निरीक्षक सुरेश चंद यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल दूसरे आरोपी की भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में भी मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *