लोरमी20जुलाई 2026/रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में लोरमी के 16 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी दुष्यंत कुमार साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत के साथ उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भी अपनी जगह पक्की कर ली है। दुष्यंत की इस उपलब्धि से पूरे लोरमी में खुशी का माहौल है।
गोल्ड मेडल जीतकर लोरमी लौटने पर दुष्यंत का भव्य स्वागत किया गया। शहरवासियों ने आतिशबाजी, फूल-मालाओं और जोरदार स्वागत के साथ उनकी सफलता का जश्न मनाया। हर कोई उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की कामना कर रहा है।
दुष्यंत वर्तमान में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, लोरमी में कक्षा 11वीं के छात्र हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनकी जीत ने न केवल लोरमी बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।
दुष्यंत ने बताया कि इस सफलता के पीछे उनकी लगातार मेहनत और अनुशासित दिनचर्या का बड़ा योगदान है। उन्होंने रोजाना कई घंटों तक अभ्यास किया, फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया और वजन को संतुलित रखने के लिए कड़ा अनुशासन अपनाया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, प्रशिक्षकों और गुरुजनों को दिया।
दुष्यंत के पिता कमल साहू ने भी हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया और खेल के प्रति उनका उत्साह बनाए रखा। परिवार और प्रशिक्षकों के सहयोग ने उन्हें लगातार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
अब राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने के बाद दुष्यंत की नजर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने पर है। लोरमी सहित पूरे छत्तीसगढ़ को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं कि वे राष्ट्रीय मंच पर भी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
लोरमी के दुष्यंत ने बॉक्सिंग रिंग में लहराया जीत का परचम, गोल्ड जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालिफाई