हर घर नल, हर परिवार खुशहाल: धमतरी का बेंद्रानवागांव बना ‘हर घर जल’ प्रमाणीकृत ग्राम

धमतरी, 30 सितंबर 2026। धमतरी विकासखंड के ग्राम बेंद्रानवागांव ने ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। गांव को आधिकारिक रूप से ‘हर घर जल’ प्रमाणीकृत ग्राम घोषित किया गया है। इसके साथ ही बेंद्रानवागांव धमतरी विकासखंड का 137वां प्रमाणीकृत गांव बन गया है।

‘हर घर जल’ योजना के तहत अब गांव के प्रत्येक परिवार तक नल के माध्यम से शुद्ध पेयजल पहुंच रहा है। इससे ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी लाने की परेशानी से राहत मिली है और गांव की स्वच्छता एवं दैनिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आया है।

योजना का कार्य पूर्ण होने के बाद ग्राम पंचायत के सरपंच ने 24 सितंबर 2026 को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद 30 सितंबर को विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों, सचिव, ग्रामीणों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता ने ग्रामीणों को जलापूर्ति व्यवस्था, संचालन और रखरखाव की जानकारी दी।

ग्राम सभा में ग्रामीणों ने जलापूर्ति व्यवस्था पर संतोष जताया। इसके बाद सरपंच ने विभाग को प्रमाणीकरण प्रमाण-पत्र सौंपा और विभाग की ओर से योजना का हस्तांतरण पत्र ग्राम पंचायत को जारी किया गया।

जल व्यवस्था की जिम्मेदारी अब गांव की अपनी

बेंद्रानवागांव की खास उपलब्धि यह है कि अब जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन और संधारण की जिम्मेदारी ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (पानी समिति) संभालेगी। योजना को लंबे समय तक सुचारू रखने के लिए पंचायत ने प्रति परिवार 70 रुपये प्रतिमाह जल कर निर्धारित किया है।

इस राशि का उपयोग बिजली बिल के भुगतान के साथ-साथ गांव में कार्यरत पंप ऑपरेटर, इलेक्ट्रिशियन और प्लम्बर की सेवाओं के भुगतान में किया जाएगा।

बेंद्रानवागांव की यह पहल बताती है कि जब शासन की योजना के साथ पंचायत और ग्रामीणों की सहभागिता जुड़ती है, तो विकास का लाभ सीधे लोगों के घर तक पहुंचता है। ‘हर घर जल’ के साथ गांव अब सुविधा के साथ स्वावलंबन की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *