अब सड़कों पर नहीं दौड़ेंगे लोहे के पहियों वाले ट्रैक्टर, 25 जून से सख्त कार्रवाई के आदेश

जगदलपुर, 25 जून 2026।
बस्तर जिले में अब लोहे के केजव्हील (Iron Cage Wheel) लगे ट्रैक्टरों को डामर, सीमेंट की सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर चलाना भारी पड़ सकता है। जिला प्रशासन ने ऐसे ट्रैक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का फैसला लिया है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खेतों में उपयोग होने वाले लोहे के नुकीले पहियों वाले ट्रैक्टरों को सामान्य सड़कों पर चलाने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रैक्टर मालिकों और चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

यह निर्णय उच्च न्यायालय बिलासपुर में दायर जनहित याचिका के आदेशों तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन में लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि खेतों की जुताई के लिए लगाए जाने वाले लोहे के केजव्हील केवल कृषि कार्य के लिए हैं, लेकिन कई चालक इन्हें हटाए बिना ही ट्रैक्टरों को मुख्य सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर ले आते हैं।

परिवहन विभाग और लोक निर्माण विभाग के अनुसार, लोहे के नुकीले पहियों से डामर और सीमेंट की सड़कें तेजी से क्षतिग्रस्त होती हैं। इससे सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचता है और सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है। यह मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का भी उल्लंघन माना जाता है।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस अभियान को केवल जुर्माने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाए। किसानों और ट्रैक्टर चालकों को मोटर वाहन नियमों की जानकारी दी जाएगी ताकि वे खेत से बाहर निकलने से पहले ट्रैक्टरों से लोहे के केजव्हील हटाकर रबर के टायर लगाना सुनिश्चित करें।

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता के निर्देशों के बाद जिला परिवहन अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई ट्रैक्टर बिना रबर टायर के लोहे के केजव्हील के साथ सड़क पर चलता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ जुर्माने के साथ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और सार्वजनिक सड़कों को सुरक्षित एवं क्षतिग्रस्त होने से बचाने में प्रशासन का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *