कबीर कुटीर के लोकार्पण से रायगढ़ को मिली नई सौगात, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शिक्षा और युवा सशक्तिकरण का दिया संदेश

रायगढ़, 30 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार की विकासोन्मुखी सोच और समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता एक बार फिर दिखाई दी, जब वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी ने वार्ड क्रमांक 35 स्थित नवनिर्मित ‘कबीर कुटीर’ सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि संत कबीरदास के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि कबीरदास केवल संत नहीं, बल्कि महान समाज सुधारक और दूरदर्शी चिंतक थे, जिनकी शिक्षाएं सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश देती हैं।

अपने संबोधन में  चौधरी ने पनिका-महंत समाज से अपने पुराने आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज की प्रगति और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताते हुए लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

वित्त मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष सहायता प्रदान कर रही है। दिल्ली में रहकर यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और सामान्य परिवारों के प्रतिभाशाली युवा भी अपने सपनों को साकार कर सकें।

उन्होंने कहा कि पिछले ढाई से तीन वर्षों में रायगढ़ के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। सड़क, शिक्षा, अधोसंरचना और जनसुविधाओं से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत हुए हैं और कई परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इन विकास कार्यों का लाभ आने वाले समय में सीधे जनता को मिलेगा।

समाज की ओर से छात्रावास की मांग रखे जाने पर श्री चौधरी ने भरोसा दिलाया कि सरकार सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास एवं शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही रायगढ़ में संचालित ‘प्रयास’ आवासीय संस्थान और कौशल विकास योजनाओं की जानकारी भी समाजजनों को दी।

कार्यक्रम में रायगढ़ नगर निगम के महापौर  जीवर्धन चौहान, सभापति  डिग्रीलाल साहू, जिला पनिका-महंत समाज के अध्यक्ष  गोपाल दास महंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

‘कबीर कुटीर’ सामुदायिक भवन का लोकार्पण क्षेत्र के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे समाज के लोगों को विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *