‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर मना छत्तीसगढ़ राज्योत्सव, 26 वर्षों की विकास यात्रा की दिखी झलक

जांजगीर में जिला स्तरीय आयोजन, धरमलाल कौशिक बोले– अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ की जनता का सपना किया साकार

रायपुर, 03 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जांजगीर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर आयोजित इस समारोह में छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और बदलते स्वरूप की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों की ओर से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धरमलाल कौशिक ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके दृढ़ संकल्प और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ। अटल जी ने प्रदेश की जनता को अलग पहचान और विकास की नई राह दी, जिसे प्रदेश की जनता हमेशा याद रखेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के शुरुआती दौर में छत्तीसगढ़ के सामने संसाधनों की कमी, खाद्यान्न संकट, बिजली की समस्या और रोजगार के लिए पलायन जैसी कई चुनौतियां थीं। लेकिन आज प्रदेश ने कृषि, उद्योग, अधोसंरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। किसानों की मेहनत से छत्तीसगढ़ देश के धान उत्पादन और खाद्यान्न आपूर्ति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

विधायक कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों परिवारों का पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और निःशुल्क खाद्यान्न जैसी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ दिया जा रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।

उन्होंने प्रदेश में सड़कों, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से आवागमन आसान हुआ है और औद्योगिक विकास को भी गति मिली है। जांजगीर-चांपा जिले की कृषि, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विशेषताओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि महानदी सहित जिले की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत इसकी विशिष्ट पहचान है।

कौशिक ने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब छत्तीसगढ़ भी विकसित होगा और प्रदेश के जिले विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे। इसके लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा।

विभागीय प्रदर्शनी में दिखी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक

राज्योत्सव के अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनसंपर्क, महिला एवं बाल विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, उद्यानिकी, समाज कल्याण, मछली पालन, पुलिस, आयुष, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनी स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया।

ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा कलेक्टर जन्मेजय महोबे, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी राज्योत्सव में सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *