गृह मंत्री अमित शाह ने राज्योत्सव में खातों में अंतरित की 632.63 करोड़ रुपये की राशि, प्रत्येक पात्र हितग्राही को मिलेगी 1,000 रुपये की सहायता
रायपुर, 03 नवंबर 2026। दीपावली के त्योहार से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए खुशखबरी है। प्रदेश सरकार की महतारी वंदन योजना के तहत नवंबर माह की 33वीं किस्त जारी कर दी गई है। राज्योत्सव समारोह के अवसर पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने योजना की राशि का अंतरण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे।
योजना के तहत प्रदेश की कुल 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये की राशि भेजी गई। इस राशि के अंतरण से महिलाओं को दीपावली से पहले आर्थिक संबल मिला है।
ई-केवाईसी कराने वाली महिलाओं को मिलेगा लाभ
इस किस्त में ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करा चुकीं प्रदेश की 67 लाख 33 हजार 502 महिला हितग्राहियों को नियमित किस्त का लाभ दिया गया है। वहीं नियद नेल्ला नार योजना के कैंप क्षेत्रों की 6,908 महिलाओं को उनकी 13वीं किस्त की राशि प्रदान की गई है। इस तरह कुल 67,40,410 महिलाओं को योजना के तहत लाभ मिला है।
32 किस्तों में मिल चुकी है 20,717 करोड़ से अधिक की सहायता
छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना की शुरुआत 1 मार्च 2024 को हुई थी। योजना की पहली किस्त 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जारी की गई थी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब तक 32 किस्तों के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को कुल 20,717.87 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
33वीं किस्त की राशि जुड़ने के बाद योजना के तहत वितरित कुल सहायता का आंकड़ा बढ़कर 21,350.50 करोड़ रुपये हो गया है।
महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मिल रहा बढ़ावा
महतारी वंदन योजना का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। योजना के माध्यम से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने के साथ परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी योगदान दे रही हैं।
हितग्राही महिलाएं अपनी किस्त के भुगतान की स्थिति और योजना से जुड़ी अन्य जानकारी आधिकारिक पोर्टल mahtarivandan.cgstate.gov.in तथा प्ले स्टोर पर उपलब्ध मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकती हैं।