बस्तर में खेल प्रतिभाओं का महाकुंभ, ग्रीष्मकालीन शिविर में युवा खिलाड़ी दिखा रहे दमखम

जगदलपुर, 16 मई 2026।
बस्तर जिले में इन दिनों खेल मैदान युवाओं के जोश, अनुशासन और प्रतिभा से गुलजार नजर आ रहे हैं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से जिले के सैकड़ों बालक और बालिका खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में प्रशिक्षण लेकर अपने भविष्य को नई दिशा देने में जुटे हैं। 6 मई से शुरू हुआ यह 21 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 26 मई तक चलेगा, जिसमें सब-जूनियर और जूनियर वर्ग के खिलाड़ी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित इस शिविर का उद्देश्य युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। खिलाड़ियों को प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक तथा शाम 5 बजे से 7 बजे तक नियमित अभ्यास कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान अनुभवी पीटीआई, वरिष्ठ खिलाड़ी और प्रशिक्षक मैदान में मौजूद रहकर खिलाड़ियों को खेल की तकनीकी बारीकियों के साथ अनुशासन और फिटनेस का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
शहर के अलग-अलग खेल परिसरों को विभिन्न खेलों के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है। इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में बैडमिंटन, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, कराटे, जूडो, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग, टेबल टेनिस, शतरंज और एथलेटिक्स का प्रशिक्षण चल रहा है। वहीं धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में कबड्डी, हैंडबॉल और आर्चरी के खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। पंडरीपानी स्थित हॉकी प्रशिक्षण केंद्र में हॉकी खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण जारी है।
इसके अलावा पुलिस लाइन में वॉलीबॉल, बस्तर हाई स्कूल में सॉफ्टबॉल और शहीद पार्क के पीछे कराटे प्रशिक्षण की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। रोमांचक जल क्रीड़ाओं के तहत इंद्रावती नदी के पुराने पुल के पास कयाकिंग और कैनोइंग का अभ्यास भी कराया जा रहा है। फुटबॉल प्रेमियों के लिए सिटी ग्राउंड डिमरापाल और लालबाग मैदान में विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि घाटलोहंगा मैदान में रग्बी खिलाड़ियों का अभ्यास जारी है।
खेल विभाग के इस प्रयास को बस्तर की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए एक बड़े अवसर के रूप में देखा जा रहा है। शिविर के समापन अवसर पर प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन, नियमित उपस्थिति और अनुशासन दिखाने वाले एक बालक और एक बालिका खिलाड़ी को विशेष सम्मान भी दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *