समूहों को समय पर मिलेगा ऋण, स्वरोजगार और महिला उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा
जगदलपुर, 04 नवम्बर 2026। बस्तर की ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सफल उद्यमी के रूप में स्थापित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में समूह बैंक क्रेडिट एवं इंटरप्राइजेज फाइनेंस विषय पर एक दिवसीय बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें महिला स्व-सहायता समूहों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने, बैंकिंग प्रक्रिया को सरल बनाने और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यशाला में राष्ट्रीय स्तर के मास्टर ट्रेनर श्री श्रीनिवास राव, एनआरएलएम के श्री अशोक चौहान तथा अग्रणी जिला प्रबंधक श्री जॉर्ज विलियम तिर्की विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसमें जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों, बैंकर्स, जनपद पंचायतों के खंड मिशन प्रबंधकों और जिला एवं खंड मिशन प्रबंधन इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों को बैंक क्रेडिट लिंकेज के माध्यम से समय पर कैश क्रेडिट लिमिट स्वीकृत करने और महिलाओं के व्यक्तिगत एवं सामूहिक उद्यमों को आर्थिक मजबूती देने की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही ऑनलाइन ऋण आवेदन और शीघ्र स्वीकृति प्रक्रिया को गति देने के लिए ईएलए एप्लीकेशन का तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया गया।
महिला समूहों को खाद्य प्रसंस्करण और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत उपलब्ध वित्तीय सहायता की जानकारी भी दी गई।
राष्ट्रीय रिसोर्स पर्सन श्री श्रीनिवास राव ने कहा कि बैंकों का सहयोग ही बिहान की दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने की सबसे मजबूत कड़ी है। ग्रामीण महिलाएं अब केवल बचत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बड़े उद्यम स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। ऐसे में उन्हें विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ना प्राथमिकता होनी चाहिए।
वहीं अग्रणी जिला प्रबंधक श्री जॉर्ज विलियम तिर्की ने जिले में लंबित कैश क्रेडिट लिमिट प्रकरणों और ईएलए आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने पर जोर दिया। उन्होंने बैंकर्स से निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की टीम के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।
कार्यशाला का उद्देश्य स्पष्ट रहा कि बैंकिंग सुविधाओं और आसान ऋण व्यवस्था के माध्यम से बस्तर की बिहान दीदियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर उद्यमी बनाया जाए।