खिलाड़ियों की सुरक्षा, बेहतर व्यवस्था और जवाबदेही पर जोर, हर आयोजन स्थल पर एंबुलेंस और चिकित्सा दल की होगी तैनाती
जगदलपुर, 04 नवम्बर 2026। बस्तर ओलम्पिक के आयोजन को सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए संभागीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जिला खेल अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं गुणवत्ता और जवाबदेही के साथ समय पर सुनिश्चित की जाएं।
कमिश्नर ने कहा कि बस्तर ओलम्पिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे में आयोजन से जुड़ी प्रत्येक जिम्मेदारी गंभीरता से निभाई जाए।
उन्होंने विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के दौरान बारिश की संभावनाओं को देखते हुए मैदान, खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, पेयजल और आवागमन की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारियों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा, ताकि खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
आयोजन में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नर ने विभिन्न खेल संघों का सहयोग लेने और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को भी जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रेरणा मिलेगी और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कमिश्नर ने स्थानीय जनभागीदारी पर जोर देते हुए पंचायत एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को आयोजन में अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने को कहा। वहीं खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक आयोजन स्थल पर आवश्यक दवाइयों, एंबुलेंस और चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसी खिलाड़ी के चोटिल होने या स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की स्थिति में तत्काल उपचार और जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की व्यवस्था रखने को कहा।
उन्होंने मैदान, खेल सामग्री, आवास, भोजन, परिवहन, पेयजल और चिकित्सा सहित प्रत्येक व्यवस्था के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से काम करें और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करें, ताकि बस्तर ओलम्पिक का आयोजन बेहतर, सुरक्षित और सफल बनाया जा सके।