बिलासपुर, 7 नवंबर 2026। फैमिली कोर्ट के न्यायाधीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य को एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह नरेश चौहान को सरकंडा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, जारी आदेश में कार्रवाई के पीछे प्रशासनिक कारणों का हवाला दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
मामला बिलासपुर के राजकिशोर नगर का है, जहां महासमुंद कुटुंब न्यायालय में पदस्थ न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी के साथ करीब एक सप्ताह पहले मारपीट का मामला सामने आया था। बताया गया कि जन्मदिन के जश्न के दौरान देर रात तक ढोल-नगाड़े और पटाखे चलाए जा रहे थे। शोर का विरोध करने पर न्यायाधीश का प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों से विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान न्यायाधीश और उनके परिजनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। घटना के बाद पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
जज के खिलाफ FIR से बढ़ा विवाद
मामले में उस वक्त नया मोड़ आया, जब दूसरे पक्ष की शिकायत पर न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली गई। इस कार्रवाई को लेकर न्यायिक अधिकारियों की ओर से आपत्ति जताई गई थी।
सवाल उठाए गए कि न्यायाधीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने से पहले आवश्यक प्रशासनिक अनुमति और प्रक्रिया का पालन किया गया या नहीं। इसी घटनाक्रम के बाद अब सरकंडा TI प्रदीप आर्य को लाइन अटैच कर दिया गया है।
फिलहाल सरकंडा थाने की जिम्मेदारी नरेश चौहान को सौंपी गई है। मामले से जुड़े दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच जारी है।