रायपुर, 7 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज की तीनों कंपनियों में विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने कुल 1501 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के तहत द्वितीय श्रेणी के 195 पदों के साथ तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं। भर्ती में तकनीकी, इंजीनियरिंग, आईटी, डाटा एंट्री, चिकित्सा, सुरक्षा और अन्य विभागों के पद शामिल किए गए हैं।
609 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर के
भर्ती में सबसे ज्यादा 609 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर के हैं। इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के 167 पद, सहायक अभियंता इलेक्ट्रिकल के 92 पद, इलेक्ट्रीशियन के 90 पद, फिटर के 84 पद सहित कई अन्य पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
किस-किस पद पर भर्ती?
भर्ती में सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, डाटा एंट्री ऑपरेटर, फायर ऑफिसर, सुरक्षा अधिकारी, सुरक्षा निरीक्षक, प्रोग्रामर, चिकित्सा अधिकारी, सहायक विधि अधिकारी, स्टेनोग्राफर, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, टर्नर, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन, रेडियोग्राफर, ड्रेसर और ईसीजी तकनीशियन समेत विभिन्न पद शामिल हैं।
26 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम समय-सीमा भी 26 नवंबर रात 11:55 बजे निर्धारित की गई है।
तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थियों को पात्रता दी गई है। प्रत्येक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता अलग-अलग निर्धारित है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले संबंधित भर्ती विज्ञापन में पात्रता शर्तों की जांच करने की सलाह दी गई है।
खास बात यह है कि 1501 पदों वाली इस भर्ती में तकनीकी, आईटीआई और डाटा एंट्री से जुड़े पदों की संख्या अधिक है, जिससे अलग-अलग योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का अवसर खुला है।