महिलाओं का बैग छीनकर मचाता था दहशत, 9 झपटमारी का आरोपी गिरफ्तार; 2.5 लाख का माल बरामद

जगदलपुर7जुलाई 2026/शहर में लगातार हो रही झपटमारी की घटनाओं का खुलासा करते हुए बस्तर पुलिस ने एक ऐसे शातिर युवक को गिरफ्तार किया है, जिसने कुछ ही दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में नौ वारदातों को अंजाम देकर लोगों में दहशत फैला दी थी। आरोपी सुनसान और अंधेरी जगहों पर अकेले जा रही महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाता था। वह चेहरे पर नकाब लगाकर तेज रफ्तार बाइक से पीछे से आता, झटके से उनका बैग छीनकर मौके से फरार हो जाता था। बैग से नकदी और कीमती आभूषण निकालने के बाद वह मोबाइल फोन और बैग को अलग-अलग स्थानों पर फेंक देता था ताकि पहचान छिपी रहे।
पुलिस के अनुसार शहर में लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष निगरानी शुरू की गई थी। संवेदनशील चौक-चौराहों और सुनसान इलाकों में पुलिस टीमों की तैनाती की गई, वहीं साइबर तकनीक और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। धरमपुरा-कालीपुर क्षेत्र में हुई ताजा झपटमारी के तुरंत बाद पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कोतवाली और बोधघाट थाना क्षेत्र में कुल नौ झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर आठ बैग, तीन मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित करीब ढाई लाख रुपये का सामान बरामद किया गया। नकद राशि भी पुलिस ने जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय राजमन यादव निवासी ग्राम कुथर, थाना मारडूम, जिला बस्तर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि दोस्तों के साथ घूमने-फिरने और खर्च के लिए पैसे जुटाने की नीयत से वह झपटमारी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस का कहना है कि शहर में हाल के दिनों में हुई झपटमारी की अधिकांश घटनाओं का खुलासा हो गया है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *