दफन मासूम का सिर गायब: कब्र खोदकर शव से छेड़छाड़, नींबू-चंदन और मांस के टुकड़े मिलने से तंत्र क्रिया की आशंका

बालोद।/16/02/2026 जिले के गुंडरदेही विकासखंड अंतर्गत ग्राम माहुद (बी) में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। करीब चार महीने पहले दफनाई गई तीन साल की बच्ची प्रिया के शव से अज्ञात व्यक्ति द्वारा सिर गायब कर दिए जाने की जानकारी मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। घटना से परिजनों में आक्रोश और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार माहुद निवासी जितेंद्र साहू की बेटी प्रिया की तबीयत अचानक खराब होने से कुछ माह पहले मौत हो गई थी। परिजनों ने गांव के मुक्तिधाम से थोड़ी दूरी पर बच्ची को दफन किया था। रविवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्होंने देखा कि कब्र खुदी हुई है। पास जाकर देखने पर शव के साथ छेड़छाड़ का पता चला, जिसके बाद तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही हल्दी पुलिस चौकी प्रभारी नंद कुमार साहू और नायब तहसीलदार हेमंत पैकरा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कब्र की दोबारा खुदाई कर शव के शेष हिस्सों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
घटनास्थल से मांस के टुकड़े, पान के पत्ते, कटा हुआ नींबू और चंदन का बंदन मिलने से ग्रामीणों में तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधि की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार करते हुए जांच जारी होने की बात कही है।
बच्ची के पिता जितेंद्र कुमार ने पुलिस से भावुक अपील करते हुए कहा कि उन्हें उनकी बेटी के शरीर के सभी अंग वापस चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
इस गंभीर घटना को लेकर गांव में भय और नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और सुरक्षा को लेकर सोमवार को ग्राम स्तरीय बैठक बुलाने का निर्णय लिया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *