पटना। 26अगस्त 2026पटना के डाकबंगला चौराहे पर छात्रों और अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बीच करीब 6 साल का एक बच्चा सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गया है। प्रदर्शन स्थल पर माइक लेकर पहुंचे बच्चे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में बच्चा बेरोजगारी और छात्रों के मुद्दे को लेकर सरकार पर सवाल उठाता नजर आ रहा है। वह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इस्तीफे की मांग करते हुए कहता है कि सरकार की वजह से छात्र बेरोजगार हैं।
‘देश के भविष्य का माथा फोड़ा’
बच्चे का एक बयान सोशल मीडिया पर खास तौर पर चर्चा में है। पुलिस कार्रवाई को लेकर वह कहता नजर आता है कि किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि ‘देश के भविष्य का माथा फोड़ा गया है।’ बच्चे के बेबाक अंदाज ने प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींच लिया।
पीछे प्रदर्शनकारी, सामने नन्हा प्रदर्शनकारी
वायरल वीडियो में बच्चे के पीछे बड़ी संख्या में छात्र और अभ्यर्थी नजर आ रहे हैं। रोजगार और अन्य मांगों को लेकर पटना में जारी प्रदर्शन के बीच बच्चे का माइक लेकर अपनी बात रखना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
रोजगार समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन
पटना में छात्र और अभ्यर्थी रोजगार समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों की ओर से मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग भी की जा रही है। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगह तनाव की स्थिति भी बनी।
फिलहाल, बच्चे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और उसके बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।